धनबाद: भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी एवं कल्पतरु प्रोजेक्ट इंटरनेशनल लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सिग्नेचर टावर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन कल्पतरु प्रोजेक्ट इंटरनेशनल लिमिटेड के संस्थापक के 82वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किया गया। इस दौरान कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छापूर्वक रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
शिविर में फेयरडेल बैंक के कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रश्नजीत घोष ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, धनबाद की ओर से कार्यकारिणी सदस्य सह चेयरमैन सलाहकार एवं ब्लड डोनेशन प्रोग्राम पदाधिकारी कुमार मधुरेंद्र सिंह, बेनजीर परवीन तथा वाइस पैट्रन रवि श्रीवास्तव ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं फेयरडेल बैंक की ओर से चौधरी कुलदीप एवं सुंदरम सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाने के साथ स्वयं भी रक्तदान किया।
सदर अस्पताल धनबाद की टीम के समिषटा चटर्जी, भजदेव बाऊंरी, शत्रुध्न पासवान एवं विनोद कुमार ने रक्त संग्रह किया। शिविर में कुल 11 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे सदर अस्पताल धनबाद के ब्लड यूनिट को सौंप दिया गया। आयोजकों ने रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।