आज दिनांक 05.10.26 को ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ के पांचवें दिन विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत धनबाद रेल मंडल में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेल परिसरों, कार्यालयों एवं रेलवे कॉलोनियों में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान संचालित किए गए। ‘स्वच्छता ही सेवा’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल परिवेश उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अभियान के तहत प्लेटफॉर्मों की आधुनिक मशीनों एवं उपयुक्त रसायनों से डीप-क्लीनिंग की गई, जबकि स्टेशन के कार्यालयों, प्रतीक्षालयों एवं स्टाफ रूम में विशेष सफाई के साथ अभिलेखों एवं फाइलों को व्यवस्थित किया गया। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक शौचालयों एवं वॉशरूम की विशेष सफाई किया गया। इसी क्रम में ‘जन संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं स्वच्छता कर्मियों की टीम ने प्लेटफॉर्मों तथा ट्रेनों में यात्रियों से सीधे संवाद कर स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य यात्री सुविधाओं के संबंध में उनकी प्रतिक्रियाएं एवं सुझाव प्राप्त किए। धनबाद मंडल द्वारा स्वच्छता अभियान के माध्यम से स्वच्छ रेल परिसर, बेहतर यात्री सुविधाएं और जनभागीदारी आधारित सेवा सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।