नमस्कार, स्वागत है आप सभी का कुसुम न्यूज़ में।
महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में स्वच्छता, श्रमदान, पौधारोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी के साथ ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का समापन भी हुआ। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, रेलकर्मियों और आम लोगों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
आसनसोल मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक संग्रह मौर्य, अपर मंडल रेल प्रबंधक देबब्रत चटर्जी सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी ने स्वच्छता की शपथ ली और अपने घर, कार्यस्थल तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
इस मौके पर गांधी जी के सत्य, शांति और सादगी के आदर्शों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
वहीं, एमडीजेडटीआई भूली, आसनसोल, अंडाल, सिमुलतला, सिउड़ी और उखड़ा सहित विभिन्न रेलवे प्रतिष्ठानों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। इन कार्यक्रमों के तहत प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, श्रमदान और पौधारोपण जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
अभियान के दौरान स्वच्छता कर्मियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण यानी पीपीई किट भी वितरित की गईं। कार्यक्रम में रेलकर्मियों, विद्यार्थियों, यात्रियों और स्वच्छता कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आपको बता दें कि आसनसोल मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा 2026, एक अक्टूबर से पंद्रह अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत रेलवे परिसरों की गहन सफाई, कचरे का पृथक्करण, रेलवे ट्रैक के किनारे सफाई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसके अलावा, विशेष अभियान 6.0 के तहत दो अक्टूबर से इकतीस अक्टूबर तक अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन, लंबित मामलों के निपटारे तथा अनुपयोगी सामग्री और ई-कचरे के उचित निस्तारण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
आसनसोल मंडल ने स्वच्छ, स्वस्थ और सुव्यवस्थित रेलवे परिसर बनाने के लिए स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया है।
स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छ परिसर, स्वस्थ समाज और सुंदर भारत के संकल्प के साथ पूर्व रेलवे का आसनसोल मंडल लगातार प्रयासरत है।
कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर