बोकारो DIG एस.के. सिन्हा का धनबाद दौरा, लंबित मामलों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

Share This News

नमस्कार, स्वागत है आप सभी का कुसुम न्यूज़ में।

धनबाद पहुंचे बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक यानी DIG एस.के. सिन्हा का गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने जिले की पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा की। समीक्षा बैठक में लंबित मुकदमों, संगठित अपराध, नक्सली गतिविधियों, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और पुलिस प्रशासन से जुड़े विभिन्न मामलों की जानकारी ली गई। DIG ने दो साल और 10 साल से अधिक पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने का निर्देश दिया। साथ ही POCSO, NDPS, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने CCTNS पोर्टल पर लंबित मामलों की संख्या कम करने और जांच पूरी होने के बाद अदालत में जल्द से जल्द फाइनल फॉर्म जमा करने का निर्देश दिया। संगठित अपराध से जुड़े गिरोहों और फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने तथा आवश्यकता के अनुसार रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया पर भी जोर दिया गया। वहीं, चतरा से सटे इलाकों में नक्सली गतिविधियों से जुड़े इनपुट को लेकर पुलिस को सतर्क रहने और लगातार कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया गया। पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए DIG ने थानों का नियमित निरीक्षण करने, मालखाना प्रभार के हस्तांतरण की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरा करने तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के पेंशन और अनुकंपा से जुड़े मामलों का जल्द निपटारा करने को कहा। बैठक के दौरान चुटुपालू घाटी में सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा भी सामने आया, जिस पर DIG ने सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की बात कही। उन्होंने बताया कि रामगढ़ के एसपी, डीसी और NHAI की टीम सड़क की तकनीकी कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने और सुरक्षा के आवश्यक उपायों पर काम कर रही है। समीक्षा बैठक में पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में कार्रवाई तेज करने पर विशेष जोर दिया गया। देखते रहिए Kusum News।

कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर

Leave a comment