नमस्कार, कुसुम न्यूज़ में आपका स्वागत है।
धनबाद में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हीरापुर स्थित सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा समिति, झारखंड मैदान में इस बार अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के ‘आदिवासी शीश महल’ की थीम पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। पूजा समिति के अनुसार, पंडाल, मां दुर्गा की प्रतिमा और विद्युत सज्जा समेत पूरे आयोजन पर करीब 32 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पंडाल और प्रतिमा का निर्माण पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर-कांथी से आए कारीगर कर रहे हैं।
इस बार आयोजन में पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। पंडाल और प्रतिमा के निर्माण में प्लास्टिक और थर्मोकोल का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। इसके बजाय बांस, बांस के छिलके, बिचाली, नारियल के छिलके, हुगला पत्ते और बैंगन के सूखे फूल जैसी प्राकृतिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
वहीं, 23 तारीख की सुबह 10 बजे झारखंड मैदान से भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में नागपुर का महिला ढोलक मम्मे ढोल सेट, बनारस का रास-नृत्य और विशेष नृत्य दल के साथ बंगाल का छाऊ लोक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा स्कूटी पर विशेष झांकियां, हाथी और घोड़े भी शोभायात्रा में शामिल होंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। वाहनों के लिए वासन वाटिका और डीएस कॉलोनी में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी, जबकि दर्शन के बाद पंपू तालाब और मजार होते हुए डीआरएम चौक की ओर निकासी मार्ग रखा गया है।
सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा समिति के मीडिया प्रभारी विकास साव ने धनबादवासियों और श्रद्धालुओं से सपरिवार पूजा महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। समिति को उम्मीद है कि इस बार झारखंड मैदान का अनोखा पंडाल, प्राकृतिक सजावट और भव्य विसर्जन शोभायात्रा श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगी।
“कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर”