सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन
शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आजीविका सुदृढ़ीकरण सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत में सर्वांगीण विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गांधी जयंती के अवसर पर आज सभी प्रखंडों के सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पंचायत के चहुंमुखी विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से सहमति बनी।
विशेष ग्राम सभा में पंचायत के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में सुरक्षित पेयजल, विद्युत, बाउंड्री वॉल तथा आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। जर्जर भवनों को चरणबद्ध तरीके से मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा तथा भवनहीन केंद्रों के लिए नए भवन का निर्माण होगा। साथ ही, बच्चों एवं धात्री माताओं के पोषण व विकास हेतु उपयोगी सामग्री सुनिश्चित की जाएगी।
साथ में विद्यालयों में नवीन भवन, अतिरिक्त क्लास रूम, चहारदीवारी और किचन शेड का निर्माण होगा। डिजिटल व आईसीटी उपकरण, स्मार्ट शिक्षण संसाधन, खेल सामग्री, लाइब्रेरी, आरओ वाटर कूलर तथा सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराकर विद्यालयों को ई-स्मार्ट मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण व आजीविका प्रोत्साहन के लिए दीदी समूहों के स्वरोजगार और आय वृद्धि के लिए वर्किंग शेड का निर्माण, आवश्यक मशीनरी व उपकरण, कौशल विकास प्रशिक्षण और उत्पादों के विपणन हेतु बाजार लिंकेज की व्यवस्था की जाएगी। वहीं कृषि को बढ़ावा देने तथा वर्षा पर निर्भरता कम करने के लिए नदी, तालाब व नालों से खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए पंप, पाइपलाइन व विद्युत युक्त लिफ्ट सिंचाई योजनाएं स्थापित की जाएंगी।
हर घर स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के लिए सभी टोलों व मोहल्लों में सौर ऊर्जा आधारित ईएसआर तथा पाइपलाइन जलापूर्ति व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा एवं पुरानी संरचनाओं का जीर्णोद्धार होगा। पंचायतों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों व युवाओं के लिए आधुनिक अध्ययन कक्ष, पुस्तकें, समाचार पत्र, कंप्यूटर, इंटरनेट और आवश्यक मानव संसाधन युक्त पुस्तकालय की स्थापना की जाएगी। जबकि किसानों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे व्यापारियों के उत्पादों की बिक्री के लिए व्यवस्थित शेड, स्टॉल, पेयजल, शौचालय व बिजली युक्त हाट-बाजार तैयार किया जाएगा।
विशेष ग्राम सभा में जल संरक्षण व तालाब जीर्णोद्धार, स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण, कौशल विकास केंद्र, सड़क संपर्क, सरकारी परिसरों की सुरक्षा, विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास के लिए आयु-अनुरूप शिक्षण-अधिगम सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेष ग्राम सभा में सभी सदस्यों ने इन प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध रूप से लागू करने का संकल्प लिया, जिससे पंचायत को एक आत्मनिर्भर और आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित किया जा सके।
विशेष ग्राम सभा में संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक मो. तौहिद आलम, पंचायतों के वीएलई, जल सहिया, सेविका, जेएसएलपीएस की दीदीयां सहित सभी संबंधित विभाग के पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।