उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और सुगम यातायात व्यवस्था बहाल रखने के उद्देश्य से नेशनल हाईवे टास्क फोर्स टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग एवं शहर के प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग करने वाले कुल 70 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान नेशनल हाईवे टास्क फोर्स टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े 54 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए करीब 5 लाख रुपये का जुर्माना किया। इसके अतिरिक्त बरमसिया पुल तथा एफसीआई गोदाम के समीप सड़क किनारे अवैध एवं अनियंत्रित ढंग से खड़े 16 वाहनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 लाख रुपये का चालान काटा गया।
कार्रवाई के साथ-साथ टीम द्वारा सभी वाहन चालकों एवं ट्रांसपोर्टरों को सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने वाहन मुख्य सड़कों अथवा राजमार्गों के किनारे खड़े नहीं करें। अवैध पार्किंग से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। अधिकारियों ने चालकों को सड़क सुरक्षा के बुनियादी नियमों, गति सीमा और निर्धारित पार्किंग स्थलों के उपयोग के प्रति जागरूक किया।
अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिवाकर सी. द्विवेदी, मोटरयान निरीक्षक श्री अभय कुमार, मोटरयान निरीक्षक श्री शुभम कुमार, मोटरयान निरीक्षक श्री हरीश कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक श्री सुनील कुमार, रोड सेफ्टी इंजीनियर अमरेश कुमार, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार, देवेंद्र कुमार, मुकुल कुमार एवं एनएचएआई की आरपीवी टीम शामिल रही।
कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर