उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित नेशनल हाईवे टास्क फोर्स टीम ने आज विशेष जांच अभियान चलाया। इसके तहत सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े 75 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई करते हुए लगभग 9 लाख रुपए का चालान काटा गया।
अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक, जिला सड़क सुरक्षा टीम, पुलिस पदाधिकारी तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की रूट पेट्रोलिंग व्हीकल टीम संयुक्त रूप से शामिल रही।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई भारी एवं व्यावसायिक वाहन नियमों की अनदेखी करते हुए हाईवे के किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े किए गए थे, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। टास्क फोर्स ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 75 वाहनों का चालान काटा।
जुर्माने की कार्रवाई के साथ-साथ टीम द्वारा वाहन चालकों एवं आम लोगों के बीच व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया गया। सभी वाहन चालकों को स्पष्ट हिदायत दी कि वे राष्ट्रीय राजमार्गों पर अथवा सड़क किनारे अपने वाहन अवैध रूप से खड़े न करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।