आज दिनांक 27. 09. 26 को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के 11वें दिन धनबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं यात्री जागरूकता से जुड़ी व्यापक गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान का उद्देश्य रेल परिसरों में स्वच्छता के स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ यात्रियों एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को और मजबूत करना है। अभियान के तहत हेरिटेज स्टेशन नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमोह में विशेष स्वच्छता सह जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म एवं रेल पटरियों के आसपास गहन सफाई की गई। साथ ही, स्टेशन पर उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालने के लिए प्रेरित किया गया। धनबाद मंडल के पर्यटन महत्व वाले प्रमुख स्टेशनों पारसनाथ एवं बड़वाडीह में भी विशेष स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। यात्रियों, पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए रेलवे परिसरों तथा आसपास के पर्यटन क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया। यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए धनबाद मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर जल सैंपलिंग एवं टेस्टिंग का विशेष अभियान चलाया गया। स्टेशन परिसरों एवं यात्री पेयजल बूथों से पानी के नमूने एकत्र कर उनकी गुणवत्ता की जांच की गई। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने तथा पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करना है। धनबाद मंडल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से स्वच्छ रेल परिसर, स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर यात्री अनुभव के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
“कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की रिपोर्ट”।