करम गीत-नृत्य से गूंजा बड्स गार्डन स्कूल, बच्चों ने दी झारखंडी संस्कृति की शानदार प्रस्तुति

Share This News

धनबाद: प्रकृति पर्व करम महोत्सव के अवसर पर राजगंज स्थित बड्स गार्डन स्कूल में शनिवार को पारंपरिक करमा गीत एवं नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी शानदार प्रस्तुतियों से वातावरण को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। पारंपरिक वेशभूषा और करमा गीतों की थाप पर बच्चों के नृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद चौरसिया ने विद्यार्थियों को करमा पर्व की सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्ता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि करमा झारखंड की समृद्ध लोकपरंपरा और प्रकृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह भाई-बहन के पवित्र स्नेह, आपसी प्रेम और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और बच्चों का उत्साह बढ़ाया। करमा नृत्य के लिए विभिन्न छात्र-छात्राओं के समूहों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इनमें पीहू एवं ग्रुप, राखी एवं ग्रुप, मानसी एवं ग्रुप, वैष्णवी एवं ग्रुप, निधि एवं ग्रुप, काव्या एवं ग्रुप तथा प्रतिमा एवं ग्रुप शामिल रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रतिभागी बच्चों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। आयोजन ने बच्चों को झारखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सामूहिकता एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित की।

Leave a comment