प्रमण्डलीय आयुक्त ने की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा

Share This News

जनप्रतिनिधि, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ सुझाव व समस्याओं पर हुआ विचार-विमर्श

दावा-आपत्ति निष्पादन एवं प्रपत्र सरलीकरण का समाधान करने का दिया आश्वासन

मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-प्रमण्डलीय आयुक्त (उत्तरी छोटानागपुर प्रमण्डल, हजारीबाग) श्री विजय कुमार गुप्ता ने धनबाद जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए आज समाहरणालय के सभागार में माननीय विधायक धनबाद, माननीय विधायक सिंदरी, अनुमंडल दंडाधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक के बाद उन्होंने बताया कि समीक्षा का मुख्य उद्देश्य एसआइआर प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं, दावों और आपत्तियों के निष्पादन की स्थिति को समझना एवं उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने दावा-आपत्ति दर्ज करने के लिए समय-सीमा बढ़ाने तथा प्रमाण-पत्रों के सरलीकरण का सुझाव दिया।

साथ में सीमावर्ती राज्यों (जैसे बंगाल) से विवाह कर आई महिलाओं, स्थानीय खटालों में रहने वाले लोगों तथा नेपाली समुदाय के नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने और किसी भी पात्र मतदाता का नाम न कटे, इसके लिए विशेष ध्यान देने की मांग की गई।

उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों से इन बिंदुओं पर अपने लिखित सुझाव समर्पित करने का अनुरोध किया है ताकि उन्हें निर्वाचन आयोग को अग्रसारित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि दावा-आपत्ति निष्पादन की प्रक्रिया के तहत आवश्यकतानुसार बीएलओ को नोटिस तामीला कराने एवं सत्यापन हेतु घर-घर जाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं दावा-आपत्ति की निर्धारित अवधि के उपरांत प्रथम एवं द्वितीय सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद नवंबर माह तक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।

प्रमंडलीय आयुक्त ने आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग का लक्ष्य एक त्रुटिरहित, पारदर्शी और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है और सभी प्राप्त सुझावों व आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैठक संतोषजनक रही। बैठक में प्राप्त सभी सुझावों का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक के दौरान आवासीय एवं जाति प्रमाण पत्र बनाने में हो रही परेशानी, लोगों में जागरूकता की कमी, लोगों की समस्या का समाधान करने के लिए हर वार्ड में कैंप लगाने, पेंशन प्रमाण पत्र को मान्यता प्रदान करने, एसआइआर की प्रक्रिया सरल करने, आवासीय प्रमाण पत्र जारी करने के लिए हर प्रखंड में कम से कम तीन व्यक्तियों की प्रतिनियुक्ति करने सहित अन्य सुझाव प्राप्त हुए।

बैठक में मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-प्रमण्डलीय आयुक्त (उत्तरी छोटानागपुर प्रमण्डल, हजारीबाग) श्री विजय कुमार गुप्ता, माननीय विधायक धनबाद श्री राज सिन्हा, माननीय विधायक सिंदरी श्री चंद्रदेव महतो, अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री कालिदास मुंडा, आम आदमी पार्टी के श्री राजेश कुमार, बहुजन समाज पार्टी के श्री अभय कुमार, भारतीय जनता पार्टी के श्री नरेंद्र कुमार त्रिवेदी, सीपीआई (एमएल) के श्री कार्तिक प्रसाद, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के श्री एम.के. दुबे व श्री कयुम खान, आजसु पार्टी के श्री रतीलाल महतो, झारखंड मुक्ति मोर्चा के श्री लक्खी सोरेन, राष्ट्रीय जनता दल के श्री राघवेंद्र यादव, भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण के श्री मोहन कुमार, स्टेट सोशल मीडिया झारखंड प्रदेश कांग्रेस के श्री अरविंद कुमार सैनी, धनबाद जिला कांग्रेस सचिव श्री रमेश राय, भारतीय जनता पार्टी के श्री राजकुमार अग्रवाल, श्री रविंद्र कुमार सिन्हा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a comment