मुरली कृष्ण रमैया के कार्यकाल में करीब 900 अनुकंपा नियुक्तियों का निष्पादन

Share This News

कर्मचारी कल्याण के कई अहम फैसलों से कोयला कर्मियों और उनके परिवारों को मिला लाभ

धनबाद:भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के पूर्व निदेशक कार्मिक मुरली कृष्ण रमैया ने अपने कार्यकाल के दौरान कर्मचारी कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उनके कार्यकाल में अनुकंपा नियुक्ति के करीब 900 मामलों का निष्पादन हुआ, जिससे बड़ी संख्या में कोयला कर्मियों के आश्रित परिवारों को राहत मिली और उनके जीवन-यापन का सहारा मिला।
बीसीसीएल के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में अनुकंपा नियुक्ति के 452 मामलों का निपटारा किया गया, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 404 मामलों का निष्पादन हो चुका है। इसके अलावा वर्ष 2023-24 में भी अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े कई मामलों का निपटारा किया गया। इस तरह रमैया के कार्यकाल के दौरान लगभग 900 मामलों के निष्पादन को कर्मचारी हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया को गति देने के लिए विशेष अनुकंपा शिविर भी आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा कर दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराना था।
कर्मचारी विकास पर भी रहा जोर
मुरली कृष्ण रमैया के कार्यकाल में केवल नियुक्ति संबंधी मामलों पर ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों के ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और कौशल विकास पर भी जोर दिया गया। इसके तहत MERKI 1.0, स्पर्श मानव संसाधन सम्मेलन, नेतृत्व संवाद, आरक्षण संबंधी प्रशिक्षण तथा नए श्रम कानूनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिला सशक्तीकरण और कर्मचारी कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दिया गया।
बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने भी रमैया के कार्यकाल और उनके कार्यों की सराहना की है। पूर्व सीएमडी सम्मेलन दत्ता भी उनके कार्यों की प्रशंसा करते रहे हैं।
‘द लाइफ टच’ में दिखी सोच
मुरली कृष्ण रमैया ने ‘द लाइफ टच’ नामक पुस्तक भी लिखी है, जिसे उनके कार्य अनुभवों और जीवन-दृष्टि के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जाता है। कर्मचारी हित, मानवीय संवेदनाओं और नेतृत्व से जुड़े उनके विचारों को समझने के लिए इस पुस्तक को पढ़ना उपयोगी हो सकता है।
अपने सरल व्यवहार, कुशल नेतृत्व और कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशील रवैये के कारण रमैया बीसीसीएल में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहे। उनके कार्यकाल में लिए गए कई निर्णयों का लाभ कर्मचारियों और उनके परिवारों को मिला। यही वजह है कि बीसीसीएल के कर्मचारी उन्हें लंबे समय तक याद रखेंगे।

कुसुम न्यूज से सुंदर की रिपोर्ट

Leave a comment