शिक्षक दिवस पर सिंबोसिस किड्स विद्यालय में शिक्षकों का सम्मान

Share This News

धनबाद: शिक्षक दिवस के अवसर पर बरबड्डा स्थित सिंबोसिस किड्स विद्यालय में शनिवार को शिक्षकों के सम्मान में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या रीना मंडल द्वारा सभी शिक्षकों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित करने के साथ हुई। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संरक्षक एवं सेवानिवृत्त सैनिक रामनाथ मिश्र ने भी सभी शिक्षकों को डायरी एवं कलम भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में प्राथमिक विद्यालय, टुंडी के शिक्षक आनंद कुमार को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। शिक्षकों के सम्मान के बाद विद्यालय परिसर में सभी शिक्षकों की उपस्थिति में केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यालय के विभिन्न वर्गों में विद्यार्थियों द्वारा शिक्षक दिवस के लिए की गई आकर्षक सजावट का प्राचार्या रीना मंडल ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपने-अपने वर्ग शिक्षकों के साथ केक काटा और उन्हें उपहार भेंट कर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों में अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर रामनाथ मिश्र ने कहा कि शिक्षक देश और समाज के प्रेरणा स्रोत होते हैं। वे विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें बेहतर नागरिक बनने की दिशा भी दिखाते हैं। उन्होंने शिक्षक आनंद कुमार को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए शिक्षकों के समाज निर्माण में योगदान को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही, सफल आयोजन के लिए विद्यालय की प्राचार्या का आभार व्यक्त किया।
प्राचार्या रीना मंडल ने सभी शिक्षकों एवं देशवासियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “शिक्षक उस दीपक के समान हैं, जो स्वयं जलकर दूसरों के जीवन को रोशन करते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में किए गए आयोजन की सराहना की।
समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक, विद्यार्थी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a comment