धनबाद: बड्स गार्डेन स्कूल, दलूडीह, राजगंज में राखी उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की सीनियर कक्षा की छात्राओं ने अपने भाइयों के लिए स्वयं राखियां तैयार कीं। इससे कुछ दिन पूर्व छात्राओं ने अपने हाथों से बनाई गई कुछ राखियां भारतीय सैनिकों को भी पोस्ट की थीं।
राखी उत्सव के दौरान छात्राओं ने विद्यालय के विभिन्न छात्रों की कलाइयों पर राखियां बांधीं। इसके बाद आरती उतारकर तिलक लगाया और मिठाई खिलाई। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपने स्नेह का इजहार किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा तथा भाई-बहन के प्रेम और स्नेह की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों का सहयोग किया। विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य प्रमोद चौरसिया ने सभी बच्चों को राखी पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों से भाई-बहन के इस अटूट प्रेम और स्नेह के रिश्ते को सदैव बनाए रखने की अपील की।