धनबाद: धनबाद क्लब में जीतो लेडीज विंग, धनबाद की ओर से मंगलवार को महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य एवं वेलनेस को लेकर ‘द होप आवर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य, प्रजनन क्षमता और समग्र वेलनेस के प्रति जागरूक करना तथा इन विषयों से जुड़ी झिझक और भ्रांतियों को दूर करना था। कार्यक्रम का आयोजन दुर्गापुर के मिशन हॉस्पिटल एवं मातृत्वा आईवीएफ के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं के फर्टिलिटी हेल्थ, प्रजनन संबंधी समस्याओं, स्क्रीनिंग, जांच एवं उपचार, आई वीएफ से जुड़ी जानकारी, बदलते हार्मोनल स्वास्थ्य तथा शारीरिक एवं मानसिक वेलनेस से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि के रूप में वीना अग्रवाल को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में मिशन हॉस्पिटल दुर्गापुर एवं मातृत्वा आईवीएफ सेंटर की विशेषज्ञ टीम मौजूद रही। इनमें डॉ. संघमित्रा ठाकुर, कंसल्टेंट इंफर्टिलिटी स्पेशलिस्ट एवं गायनेकोलॉजिकल लैप्रोस्कोपिक सर्जन तथा डॉ. नम्रता परिडा, कंसल्टेंट, मिशन हॉस्पिटल दुर्गापुर शामिल थीं।
जीतो लेडीज विंग धनबाद की चेयरपर्सन तनु जैन ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर खुलकर संवाद होना जरूरी है। हमारा प्रयास है कि महिलाओं को सही और विश्वसनीय जानकारी मिले तथा किसी भी तरह की झिझक और भ्रम को दूर किया जा सके। ‘द होप आवर’ इसी दिशा में एक सार्थक पहल है।
जीतो लेडीज विंग की चीफ सेक्रेटरी नीति जैन ने मिशन हॉस्पिटल दुर्गापुर एवं मातृत्वा आई वीएफ के सभी चिकित्सकों और प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने भविष्य में भी महिलाओं के स्वास्थ्य एवं वेलनेस से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। इस कार्यक्रम में जीतो लेडिस विंग की रिद्धि गोधा,बबिता जैन, सविता जैन, कमलेश जैन, वंदना जैन,प्रियंका जैन, नीलम जैन, ईशा जैन, मीना जैन आदि शामिल थीं।