धनबाद: साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को डीएवी कोयला नगर, धनबाद में साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध विषय पर जागरूकता सह काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डीएसपी मुख्यालय, धनबाद की ओर से किया गया। इसमें कक्षा 11वीं के करीब 350 विद्यार्थियों ने दो सत्रों में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या डोलन चम्पा बैनर्जी के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल स्वयं मोबाइल का सही इस्तेमाल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपना पता, फोन नंबर, स्कूल की दिनचर्या, पासवर्ड अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक नहीं करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने युवाओं से देश के भविष्य के निर्माण में अपनी जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
डीएसपी मुख्यालय-1, धनबाद विनोद कुमार ने सत्र के दौरान विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, फर्जी लिंक और ओटीपी के जरिए होने वाली ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि अपना ओटीपी, पिन, पासवर्ड और अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा अनजान लिंक, कॉल और संदेशों से विशेष रूप से सावधान रहें।
उन्होंने सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और अपनी निजी जानकारी एवं तस्वीरों को अनावश्यक रूप से सार्वजनिक करने से बचने की सलाह दी। साथ ही कहा कि यदि कोई विद्यार्थी साइबर अपराध का शिकार होता है तो घबराने के बजाय तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें।
सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना और उन्हें जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाना था।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका डीएसपी मुख्यालय द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया गया। मंच संचालन विद्यालय के शिक्षक पवन कुमार तिवारी ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के वरीय शिक्षक भी उपस्थित रहे।