धनबाद की होनहार तैराक दिव्यांशी सिंह का चयन 42वीं सब-जूनियर नेशनल तैराकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता 6 से 9 अगस्त तक राजस्थान के जयपुर में आयोजित होगी।
दिव्यांशी ने हाल ही में जिला और राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जिला प्रतियोगिता में उन्होंने अपने आयु वर्ग में पांच स्वर्ण पदक जीतकर राज्य प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई।
इसके बाद 24 से 26 जुलाई तक रांची में आयोजित राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में दिव्यांशी ने एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम में अपना स्थान पक्का किया।
धनबाद जिला तैराकी संघ के पूर्व अध्यक्ष ई. अर्जीत कुमार ने दिव्यांशी को प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
अब पूरे धनबाद और झारखंड की निगाहें जयपुर में होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां दिव्यांशी सिंह राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी
धनबाद का ब्लू लैगून स्विमिंग क्लब आज पूरे झारखंड में प्रतिभाशाली तैराक तैयार करने का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां आधुनिक प्रशिक्षण, अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। इसी का परिणाम है कि क्लब के कई खिलाड़ी जिला, राज्य और अब राष्ट्रीय स्तर पर धनबाद और झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।