जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कंगारू मदर केयर KMC सेवा की हुई शुरुआत

Share This News

विश्व स्तनपान दिवस पर जन्मे नवजात शिशुओं को वितरित की गई बेबी किट व आवश्यक सामग्रियां

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार विश्व स्तनपान दिवस के पावन अवसर पर धनबाद जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई और महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई है। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में ‘कंगारू मदर केयर’ (KMC) यूनिट की आधिकारिक शुरुआत की गई।

इस अवसर पर निरसा CHC में इस खास दिन जन्मे सभी नवजात शिशुओं और उनकी माताओं को बेबी किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री का नि:शुल्क वितरण किया गया, जिससे प्रसूता माताओं के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सा पदाधिकारियों ने कंगारू मदर केयर (KMC) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह तकनीक विशेष रूप से कम वजन (Low Birth Weight) वाले और समय से पूर्व (Premature) जन्मे बच्चों के लिए अत्यंत प्रभावकारी है।

KMC के तहत मां (या परिवार के सदस्य) और नवजात शिशु के बीच त्वचा से त्वचा का संपर्क (Skin-to-Skin Contact) कराया जाता है। यह न केवल शिशु के शरीर के तापमान को नियंत्रित रखता है, बल्कि उसके मानसिक विकास, वजन में वृद्धि और संक्रमण से बचाव में भी बेहद मददगार साबित होता है।

विश्व स्तनपान दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने माताओं को जन्म के तुरंत बाद (1 घंटे के भीतर) शिशु को पहला गाढ़ा पीला दूध (कोलस्ट्रम) पिलाने और शुरुआती 6 महीनों तक केवल और केवल स्तनपान कराने की सलाह दी।

इस विशेष दिन को यादगार बनाने और नवजात देखभाल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरसा CHC में जन्मे सभी नवजात बच्चों की माताओं को एक विशेष बेबी किट सौंपी गई। इस किट में शिशु के लिए तौलिया, कपड़े, सैनिटाइजर, साबुन और देखभाल से जुड़ी आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। यह अभियान 1 से 7 अगस्त तक चलाया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग धनबाद का यह प्रयास जिले में शिशु मृत्यु दर (IMR) को कम करने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर CHC के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सक, एएनएम (ANM), सहिया (ASHA) कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और लाभार्थी उपस्थित थे।

Leave a comment