उपायुक्त ने की जेआरडीए के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा

Share This News

सभी योजनाएं समय पर संपन्न करने, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के दिए कड़े निर्देश

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने आज झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (जेआरडीए) की समीक्षा की। इसमें झरिया मास्टर प्लान के तहत बेलगड़िया में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति का बारीकी से आकलन किया।

उपायुक्त ने मेगा स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निर्माण, स्किल सेंटर के ट्रेनी के लिए 9 ब्लॉक में बन रही होस्टल, 90 दुकानों का निर्माण, सुरक्षा, फेज 1 में सड़क व पेवर ब्लॉक, फेज 1, 2 एवं 3 का सुदृढ़ीकरण, दो सामुदायिक भवन का निर्माण सहित अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा की।

बैठक में उपायुक्त ने जल संरक्षण एवं भू-जल स्तर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेलगड़िया टाउनशिप में नए तालाब के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण की दिशा में ऐसे स्थायी उपाय भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण होंगे।

समीक्षा के दौरान बेलगड़िया टाउनशिप में आवास, सड़क, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, पशु शेड, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, बाउंड्री वॉल, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी लंबित कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा वित्तीय प्रावधान, बजट उपयोगिता एवं आवश्यक अतिरिक्त बजट की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पुनर्वास क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी चालू एवं प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करें। किसी भी प्रकार के विलंब पर संबंधित अधिकारियों व एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी। वहीं निर्माण एवं विकास कार्यों के स्तर पर विशेष जोर देते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि गुणवत्ता के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित पदाधिकारी स्थल निरीक्षण और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

बैठक में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के अलावा जेआरडीए के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a comment