धनबाद:धनबाद के क्रेडो वर्ल्ड स्कूल की प्री-स्कूल इकाई क्रेडो जॉय में गुरुवार को बटरफ्लाई कार्निवल का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी सजावट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बच्चों की मनमोहक गतिविधियों ने पूरे परिसर को उत्साह और खुशियों से भर दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झरिया विधायक रागिनी सिंह रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद क्रेडो जॉय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक आकर्षक नाटिका प्रस्तुत की, जिसमें प्री-स्कूल की दैनिक गतिविधियों और सीखने के आनंदमय माहौल को जीवंत रूप में दर्शाया गया। बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर क्रेडो ग्रुप के उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल अग्रवाल, निदेशक हर्षित अग्रवाल, विजेता अग्रवाल, श्रेया अग्रवाल, क्रेडो वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या शर्मिला सिन्हा तथा क्रेडो जॉय की मेंटर सिम्मी टंडन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देते हैं।
बटरफ्लाई कार्निवल के माध्यम से क्रेडो जॉय ने यह संदेश दिया कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा तभी सबसे प्रभावी होती है, जब उसमें खेल, रचनात्मकता, स्नेह और अभिभावकों की सहभागिता का समावेश हो। पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह और अभिभावकों की भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही।
कुसुम न्यूज़ से मुस्कान कि रिपोर्ट