युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat), धनबाद द्वारा बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), बीबीएमकेयू के समन्वय से आज दिनांक 29 जुलाई 2026 को “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय सांस्कृतिक एवं नवाचार प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशा एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, समाज में नशा मुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित करना तथा राष्ट्र निर्माण के इस जन-अभियान से जोड़ते हुए विकसित भारत–2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत कुल आठ प्रतियोगिताओं—फोक सॉन्ग (समूह), फोक डांस (समूह), नुक्कड़ नाटक (समूह), भाषण (डिक्लेमेशन), स्लैम पोएट्री, स्लोगन लेखन, शॉर्ट फिल्म/रील निर्माण तथा पेंटिंग—का आयोजन किया गया, जिनमें जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन आदरणीय प्रो. (डॉ.) राम कुमार सिंह, कुलपति, विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया तथा विकसित भारत–2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय एवं सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाते हुए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी दिलाया।
इस अवसर पर श्री सूर्यकांत कुमार, उपनिदेशक, मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार ने युवाओं से नशा मुक्ति जन-अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा अधिक से अधिक युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन प्रत्येक विधा हेतु गठित तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक, संबंधित विषयों के विशेषज्ञ तथा कला एवं संस्कृति क्षेत्र के विशेषज्ञों ने ज्यूरी सदस्य के रूप में प्रतिभागियों का निष्पक्ष मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए।
निर्णायक मंडल द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार फोक डांस (समूह) में जे.के. सिन्हा स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फोक सॉन्ग (समूह) में धनबाद म्यूज़िक ग्रुप तथा नुक्कड़ नाटक (समूह) में एस.एस.एल.एन.टी. के प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकल प्रतियोगिताओं में भाषण (डिक्लेमेशन) में सुश्री निहारिका श्रीवास्तव, स्लैम पोएट्री में श्री शुभम कुमार झा, पेंटिंग में सुश्री जया राज महतो, स्लोगन लेखन में श्री सक्षम राजन तथा शॉर्ट फिल्म/रील निर्माण में श्री वैभव सिन्हा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के प्रथम स्थान प्राप्त विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में धनबाद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. डी. के. गिरी (वित्त अधिकारी, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय), डॉ. ताप्ती चक्रवर्ती (विभागाध्यक्ष, कला एवं संस्कृति विभाग), श्री आलोक कुमार-APRO, प्रो. मुकुंद रविदास (कार्यक्रम समन्वयक, MY Bharat–NSS), सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कुसुम न्यूज़ से मुस्कान कि रिपोर्ट