Breaking News

नाबालिग ने दो युवकों पर छेड़छाड़ और धमकी का लगाया आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

Share This News

धनबाद। एक नाबालिग लड़की ने दो युवकों पर छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता और उसके परिजनों का कहना है कि मामले की लिखित शिकायत भूली थाना में दी गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़िता के अनुसार, मोंटी कुरैशी और आलम अंसारी उसे लगातार प्रताड़ित करते हैं। उसने आरोप लगाया कि एक बार दोनों ने जबरन उसे वाहन में बैठाने का प्रयास किया। उसके शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से वह सुरक्षित बच सकी।

पीड़िता के परिजनों ने बताया कि घटना के संबंध में भूली थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। उनका आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

परिजनों का यह भी आरोप है कि शिकायत के बाद आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपी खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताते हुए शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a comment