Breaking News

रॉयल्टी चालान नीति के विरोध में जिला संवेदक संघ ने किया टेंडर का बहिष्कार, पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग

Share This News

धनबाद। भवन निर्माण विभाग द्वारा निकाले गए 40 समूहों के टेंडर का शनिवार को जिला संवेदक संघ ने सामूहिक रूप से बहिष्कार किया। धनबाद थाना परिसर में आयोजित टेंडर प्रक्रिया में शामिल होने के बजाय संवेदकों ने राज्य सरकार की नई रॉयल्टी चालान व्यवस्था के विरोध में अपना विरोध दर्ज कराया।

जिला संवेदक संघ के सुनील कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की नई रॉयल्टी चालान नीति के कारण संवेदकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि धनबाद में रॉयल्टी चालान उपलब्ध नहीं है, ऐसे में संवेदक उसे जमा कैसे करें। उन्होंने आरोप लगाया कि नई व्यवस्था के कारण भुगतान की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।

संवेदकों ने राज्य सरकार से मांग की कि पूर्व की व्यवस्था के अनुसार ही बिलों का भुगतान किया जाए, ताकि विकास कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो वे आगे भी टेंडर प्रक्रिया और विकास कार्यों का बहिष्कार जारी रखेंगे।

संवेदक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि सरकार की कथित गलत नीतियों के विरोध में सभी संवेदक एकजुट हैं और इसी के तहत टेंडर प्रक्रिया का बहिष्कार किया गया है। उन्होंने सरकार से संवेदकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान निकालने की अपील की।

Leave a comment