Breaking News

गुप्त नवरात्र में विपदतारिणी मां काली के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मंदिर में हुई विशेष पूजा-अर्चना

Share This News

धनबाद। गुप्त नवरात्र के अवसर पर हीरापुर स्थित श्री श्री श्यामा पूजा कमिटी, काली मंदिर तेलीपाड़ा में शनिवार को मां काली की विशेष पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्त माता के दर्शन, पूजा और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मंदिर पहुंचते रहे। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संकटों से मुक्ति और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

मंदिर की पुजारिन सुप्रिया पांडेय ने बताया कि गुप्त नवरात्र में मां काली की विपदतारिणी स्वरूप में पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि मां अपने भक्तों के सभी कष्ट, पीड़ा, आपदा और विपदा को हरकर उनकी रक्षा करती हैं। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

मंदिर समिति के सचिव संतोष साव ने बताया कि यह ऐतिहासिक काली मंदिर लगभग 250 वर्ष पुराना है। यहां धनबाद सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां काली के दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि गुप्त नवरात्र के दौरान मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और पूजा का आयोजन किया जाता है, जिसमें हर वर्ष हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।

Leave a comment