परीक्षार्थियों को प्रस्तुत करनी होगी परिचय पत्र की मूल कॉपी
रविवार, 12 जुलाई 2026, को धनबाद के 20 सेंटर पर पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में किया जाएगा। इसमें 9764 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आज ऑनलाइन बैठक कर सभी 20 स्टेटिक दंडाधिकारी, 11 गश्ती दल दंडाधिकारी तथा सेंटर सुपरिटेंडेंट को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा का आयोजन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 तक किया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों को सुबह 10:15 तक ही केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति होगी। प्रवेश के समय उन्हें अपने परिचय पत्र की मूल कॉपी प्रस्तुत करनी होगी। किसी भी परीक्षार्थी को मोबाईल, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पेजर, लॉग टेबल, स्मार्ट वॉच सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण लेकर सेंटर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
वहीं गश्ती दल के प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे संबंधित परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों को सीलबन्द पैकेट पूर्वाह्न 8:30 बजे तक उपलब्ध कराएंगे। जबकि परीक्षा के दौरान दंडाधिकारी अपने-अपने परीक्षा केन्द्र पर विधि-व्यवस्था का संधारण करते हुए कदाचारमुक्त परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा की समाप्ति के पश्चात गश्ती दल दण्डाधिकारी उत्तर-पुस्तिका एवं अन्य गोपनीय कागजात के सीलबन्द पैकेट्स केन्द्राधीक्षक से प्राप्त कर उसे सुरक्षित जिला कोषागार में जमा करायेंगे।
परीक्षा के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष प्रभावी रहेगा। इसके प्रभार में कार्यपालक दण्डाधिकारी श्री नारायण राम रहेंगे जबकि वरीय प्रभार में अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे रहेंगे। वहीं विधि व्यवस्था में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री अरविंद कुमार ओझा तथा सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव रहेंगे। जबकि जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री सुशांत मुखर्जी परीक्षा के नोडल पदाधिकारी रहेंगे।
ऑनलाइन बैठक में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के साथ एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री अरविंद कुमार ओझा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री सुशांत मुखर्जी मौजूद थे।