उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

Share This News

अनाबद्ध निधि के तहत विकास योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा

आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला योजना कार्यकारिणी समिति, धनबाद श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की कार्यकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विकास कार्यों को गति देने तथा जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कई प्रस्तावों को समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक के दौरान अनाबद्ध निधि (Untied Fund) की मार्गदर्शिका के अनुरूप योजनाओं के प्रस्तावों की गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने सभी विभागों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।

उपायुक्त ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को जिले के सभी पंचायत भवनों का सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत भवनों के बेहतर नियोजन एवं आय में वृद्धि की संभावनाओं का आकलन करते हुए विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही ऐसे सरकारी भवन जो वर्तमान में अनुपयोगी हैं, उन्हें उपयोग योग्य बनाकर स्वयं सहायता समूह (SHG) की दीदियों को आजीविका गतिविधियों के संचालन हेतु उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त जिले के सभी दाल-भात केंद्रों के जीर्णोद्धार पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी दाल-भात केंद्रों का चरणबद्ध तरीके से नवीनीकरण कर उन्हें मॉडल दाल-भात केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं बेहतर सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने कहा कि अनाबद्ध निधि के अंतर्गत प्राप्त सभी प्रस्तावों का क्रियान्वयन आम जनता की आवश्यकताओं एवं जिले के समग्र विकास को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, डीएफओ श्री विकास पालीवाल, निदेशक डीआरडीए श्री राजीव रंजन, अपर समाहर्ता श्री प्रदीप कुमार शुक्ला, जिला योजना पदाधिकारी श्री राम नारायण खलखो, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री सुशांत मुखर्जी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।

Leave a comment