व्यापारियों से संवाद में एसएसपी श्री प्रभात कुमार बोले: सुरक्षा, ट्रैफिक और अपराध नियंत्रण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

Share This News

धनबाद में जल्द लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, ट्रैफिक सिग्नल कार्य भी होगा शुरू: एसएसपी

रंगदारी मांगने वालों को नहीं बख्शेगी पुलिस, शिकायत मिलते ही होगी त्वरित कार्रवाई

ऑटो-टोटो चालकों की लापरवाही पर चलेगा विशेष अभियान, यातायात व्यवस्था सुधारने की तैयारी

व्यापारियों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की, कहा— अपराधियों पर लगा है प्रभावी अंकुश, पुलिस के प्रति बढ़ा विश्वास

फेडरेशन ऑफ धनबाद जिला चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से आयोजित एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी श्री एस. मोहम्मद याकूब सहित जिले के कई वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने कहा कि धनबाद में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रमुख इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यापक योजना पर कार्य चल रहा है। उन्होंने व्यापारियों से भी अपने प्रतिष्ठानों पर अधिक संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की ताकि किसी घटना के बाद अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में सहायता मिल सके।

उन्होंने बताया कि शहर में ट्रैफिक सिग्नल लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है तथा इसके लिए टेंडर भी हो चुका है। जल्द ही कार्य प्रारंभ होने से यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। साथ ही ऑटो और टोटो चालकों की मनमानी तथा लापरवाही से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी महोदय ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम लोगों और व्यापारियों के बीच विश्वास का माहौल कायम करना है। किसी भी शिकायत या अपराध की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था को और सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना दें, जिस पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि शहर की यातायात समस्या के समाधान के लिए केवल पुलिस प्रयास पर्याप्त नहीं होंगे, बल्कि आम नागरिकों को भी यातायात नियमों का पालन कर सहयोग देना होगा। चैन छिनतई जैसी घटनाओं पर पूर्ण नियंत्रण के लिए पुलिस गंभीरता से काम कर रही है और इस दिशा में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, जल्द ही इसपर पूर्ण अंकुश लगेगा।

एसएसपी महोदय ने स्पष्ट कहा कि जिले में संगठित अपराध पर काफी हद तक लगाम लगाई जा चुकी है। यदि किसी व्यापारी या नागरिक से कोई रंगदारी मांगता है तो वह किसी भी परिस्थिति में पैसा न दे और तत्काल पुलिस को सूचना दे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अपराधी धनबाद को निशाना बनाने का प्रयास करेगा तो उसे पुलिस की ओर से करारा जवाब मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने पार्किंग, सड़क जाम, चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, नो-पार्किंग क्षेत्रों की सूची सार्वजनिक करने, साइबर अपराध पर नियंत्रण तथा ऑटो-टोटो चालकों की लापरवाही पर कार्रवाई जैसी कई समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं। साथ ही विनोद बिहारी महतो चौक के पास पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग भी की गई।

व्यापारियों ने रात्री गश्ती को और मजबूत करने, व्यापारियों से जुड़े मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा थाना स्तर पर पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

विभिन्न 56 व्यापारी संगठनों से आए प्रतिनिधियों ने कहा कि जिले में पुलिस की सक्रियता के कारण सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। अपराधी गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगा है और रंगदारी के आतंक से व्यापारियों को काफी मुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि आज व्यापारी वर्ग पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में व्यापार कर रहा है।

कार्यक्रम में कृषि बाजार प्रांगण में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से इंस्पेक्टर कार्यालय खोलने की पहल के लिए भी एसएसपी को धन्यवाद दिया गया। व्यापारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के कारण पुलिस व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास लगातार बढ़ा है।

इस अवसर पर एसडीपीओ बाघमारा अजीत बिमल, एसडीपीओ सिंदरी प्रकाश चंद्र महतो, डीएसपी मुख्यालय कुमार विनोद, डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोय, एसडीपीओ निरसा लिलेश्वर महतो, डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव, डीएसपी ट्रैफिक रोहित कुमार साव, विभिन्न थाना प्रभारी, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a comment