अपराधियों को एसएसपी की दो टूक चेतावनी: “गोली का जवाब गोली से देंगे”, संगठित गिरोहों पर टास्क फोर्स का शिकंजा

Share This News

मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार ने दिए सख्त निर्देश…………..

एक माह में 1000 गुम मोबाइल बरामदगी का लक्ष्य……………

मोहर्रम सुरक्षा और अवैध हथियारों पर विशेष फोकस…………….

धनबाद पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह आक्रामक मोड में नजर आ रही है। जिला पुलिस मुख्यालय स्थित एसएसपी सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि धनबाद में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और पुलिस अब गोली का जवाब गोली से देगी। संगठित आपराधिक गिरोहों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जो लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है।

मई माह की विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक में सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, सभी एसडीपीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, अवैध हथियारों की बरामदगी और आगामी मोहर्रम पर्व की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने कहा कि प्रिंस खान समेत सभी संगठित अपराधी गिरोहों पर पुलिस की पैनी नजर है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर भी बड़ा अभियान शुरू करने की घोषणा की गई। धनबाद पुलिस ने मिशन मोड में एक माह के भीतर एक हजार मोबाइल फोन बरामद करने का लक्ष्य तय किया है। अब तक करीब तीन सौ मोबाइल फोन की रिकवरी की जा चुकी है। एसएसपी ने कहा कि कई मामलों में मोबाइल दूसरे जिलों तक पहुंच जाते हैं, जिसके कारण रिकवरी चुनौतीपूर्ण होती है, बावजूद इसके पुलिस लगातार सफलता हासिल कर रही है।

अवैध हथियारों की बरामदगी और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स का भी गठन किया गया है। आगामी मोहर्रम पर्व को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

अपराध समीक्षा के दौरान मई माह की उपलब्धियों को भी साझा किया गया। जिले में मई महीने में कुल 420 कांड दर्ज हुए, जबकि 470 मामलों का निष्पादन किया गया। 1250 पुराने मामलों में चार्जशीट या अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में जमा कराए गए, जिसे पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इसी अवधि में 1884 चरित्र प्रमाण पत्र जारी किए गए और ऑनलाइन प्राप्त 398 शिकायतों में से 376 का निष्पादन किया गया।

लंबित मामलों की संख्या भी घटकर 1887 से 1850 पर पहुंच गई है। पुलिस ने अगले दो माह में इसे 1600 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं मई माह में 1277 लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया और 25 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जून माह में लंबित वारंट और कुर्की मामलों के कम से कम 50 प्रतिशत निष्पादन का निर्देश दिया गया है।

धनबाद पुलिस की इस समीक्षा बैठक से साफ है कि आने वाले दिनों में संगठित अपराध, अवैध हथियारों और फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज होने वाला है। साथ ही गुम मोबाइल बरामदगी और लंबित मामलों के निष्पादन को भी पुलिस ने अपनी प्राथमिकता में शामिल किया है।

Leave a comment