आज धनबाद मंडल में उत्साह, जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ विश्व पर्यावरण दिवस-2026 मनाया गया |

Share This News

धनबाद: 05.06.26

आज दिनांक 05.06.2026 को विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर धनबाद मंडल में उत्साह, जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ मनाया गया | इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मुकेश कुमार के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से धनबाद कोचिंग डिपो तक एक विशेष साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें मंडल के अधिकारीगण, कर्मचारीगण तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के बच्चे एवं सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए | रैली का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था |
इसके उपरांत धनबाद कोचिंग डिपो परिसर में अपर मंडल रेल प्रबंधक, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के बच्चों एवं सदस्यों द्वारा सामूहिक वृक्षारोपण किया गया | साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न पर्यावरण-केंद्रित प्रतियोगिताओं, जैसे चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता के विजेता स्कूली बच्चों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया | इस अवसर पर मंडल के फ्रंटलाइन स्वच्छता योद्धाओं (सफाई कर्मियों) को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उपहार वितरित किया गया |
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर धनबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं परिसरों में व्यापक पर्यावरण जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान भी चलाया गया | धनबाद मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक दिवसीय आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी सतत एवं दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है | साइकिल रैली, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान तथा जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से मंडल ने ‘हरित रेलवे’ के लक्ष्य को साकार करने तथा कार्बन फुटप्रिंट को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है |

Leave a comment