राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत नव नियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों का भव्य स्वागत, एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन

Share This News

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत नव नियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन (अभिमुखीकरण) कार्यक्रम का आयोजन सदर अस्पताल सभागार में किया गया। कार्यक्रम में एनएचएम के तहत चयनित 120 नव नियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों एवं जनसेवा के मूल्यों से अवगत कराया गया।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संविदा आधारित भर्ती प्रक्रिया पूरी करते हुए जिले में विभिन्न 18 पदों पर कुल 120 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की गई है। इन पदों के लिए कई उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिसके बाद लिखित परीक्षा और सफल अभ्यर्थियों का स्किल टेस्ट आयोजित किया गया।चयनित अभ्यर्थियों में एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैबोरेट्री टेक्नीशियन सहित कई स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं।

इन स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सदर अस्पताल के साथ-साथ जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में की जाएगी, जिससे ग्रामीण एवं शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने सभी नव नियुक्त कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जहां भी उनकी पदस्थापना हो, वहां समय पर उपस्थित रहकर पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं।

उपायुक्त ने अपने संबोधन में “ABCD नीति” की चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी को अपने कार्य में इन चार मूलभूत सिद्धांतों का पालन करना चाहिए—

A – Availability (उपलब्धता)
B – Behaviour (व्यवहार)
C – Calibre (क्षमता)
D – Diligence (परिश्रम एवं कर्तव्यनिष्ठा)

उन्होंने इन चारों बिंदुओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि एक सफल एवं जनहितैषी स्वास्थ्यकर्मी बनने के लिए इन मूल्यों को अपने कार्य व्यवहार में शामिल करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई है तथा जल्द ही सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ज्वाइनिंग या नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान यदि कोई व्यक्ति किसी प्रकार की घूस या अवैध राशि की मांग करता है तो अभ्यर्थी तत्काल उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक या उप विकास आयुक्त से संपर्क करें।

उपायुक्त ने यह भी बताया कि आगामी चरण में पुनः लगभग 100 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। जो अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए हैं लेकिन मेरिट सूची में स्थान नहीं बना सके हैं, उन्हें प्राथमिकता देने पर विचार किया जाएगा।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने सभी नव नियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र केवल नौकरी नहीं बल्कि मानवता की सेवा का माध्यम है। उन्होंने कर्मियों से संवेदनशीलता, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा।

उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने कहा कि पूरी चयन प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की जानकारी देते हुए कहा कि नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, अन्यथा वेतन भुगतान प्रभावित हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस केंद्र या क्षेत्र में पदस्थापना दी जाए, वहां समय पर योगदान देना अनिवार्य होगा। बिना योगदान के पदस्थापना निरस्त की जा सकती है।

इस अवसर पर कार्यक्रम में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, सिविल सर्जन सहित जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a comment