Breaking News

भाजपा पर झामुमो का हमला, महिला सुरक्षा को लेकर अन्नपूर्णा देवी पर साधा निशाना

Share This News

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय सदस्य एवं मीडिया पैनलिस्ट डॉ. नीलम मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री Annapurna Devi पर तीखा हमला बोलते हुए महिला सुरक्षा और महिला आयोग के मुद्दे पर भाजपा को घेरा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में महिला आयोग के गठन की प्रक्रिया जारी है और बहुत जल्द इसका गठन हो जाएगा। लेकिन भाजपा की महिला नेताओं द्वारा महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर बयान देना हास्यास्पद है।

डॉ. मिश्रा ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है और महिला आयोग बना हुआ है, क्या वहां महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं? उन्होंने मणिपुर हिंसा, अंकिता भंडारी हत्याकांड, दिल्ली में महिला पहलवानों के प्रदर्शन और हालिया महिला उत्पीड़न की घटनाओं का जिक्र करते हुए भाजपा और महिला आयोग की भूमिका पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं के मुद्दों का इस्तेमाल केवल राजनीतिक लाभ के लिए करती है। महिला आयोग का काम महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना है, लेकिन भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं पर लगातार अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं।

डॉ. नीलम मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री Hemant Soren के नेतृत्व में झारखंड की महिलाओं को रोजगार, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण से जोड़ा जा रहा है। राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंच रहा है और महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं पर बढ़ते अपराधों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले लगातार सामने आते हैं, लेकिन भाजपा की महिला नेता इस पर सड़क पर उतरकर आवाज नहीं उठातीं।

अंत में उन्होंने कहा कि झारखंड की महिलाएं जागरूक हैं और भाजपा के “महिला हितैषी” दावों को अच्छी तरह समझती हैं।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment