धनबाद पुलिस ने रेलवे ठेका में रंगदारी और दहशत फैलाने की साजिश नाकाम करते हुए कुख्यात प्रिंस खान गैंग के चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। SSP एचपी जनार्दन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम और बैंक मोड़ थाना प्रभारी लव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपियों को मटकुरिया पावर हाउस और रेलवे लाइन के पास से पकड़ा। गिरफ्तार अपराधियों में वासेपुर निवासी आजाद आलम, मटकुरिया निवासी सोनू कुमार नायक, पुटकी निवासी सचिन यादव और वासेपुर निवासी गोलू कुमार रवानी शामिल हैं।
पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा, चार सुतली बम, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया है। डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार अपराधी मोस्टवांटेड गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देश पर चासनाला रेलवे परियोजना में बाधा डालने की साजिश रच रहे थे।
सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और रंगदारी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।गौरतलब है कि गैंगस्टर प्रिंस खान 2021 में नया बाजार निवासी महताब आलम की हत्या के बाद से फरार है और कथित रूप से दुबई से अपने गिरोह का संचालन कर रहा है। धनबाद पुलिस, सीबीआई और इंटरपोल उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस लगातार इस गैंग के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और अब तक दर्जनों गुर्गों को जेल भेज चुकी है।