जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) 2026 कार्यक्रम के तहत मतदाता सेवा को सुगम बनाने एवं सभी योग्य नागरिकों, विशेष रूप से दिव्यांग, प्रवासी एवं बुजुर्ग मतदाताओं को शामिल करने के लिए समाहरणालय में हेल्प डेस्क शुरू किया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि हेल्प डेस्क में एसआइआर की समय सीमा, पात्रता और पंजीकरण, नाम में सुधार करने या हटाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही मतदाताओं के पिछले या अंतिम एसआइआर रिकॉर्ड खोजना, उनसे जोड़ने में सुविधा प्रदान की जाएगी। मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने और जमा करने में सहायता प्रदान की जाएगी।
हेल्प डेस्क में प्रवासी मतदाताओं को उनके वर्तमान और पिछले विधानसभा क्षेत्र की पहचान करने में सुविधा दी जाएगी। साथ में यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि उनका पंजीकरण सही स्थान पर हो रहा है। इसके अलावा उनको हेल्पलाइन नंबर 0326-1950, ईसीआइ नेट मोबाइल एप, एवं अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक करें, के प्रयोग के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।
हेल्प डेस्क के सुचारू संचालन के लिए चार हेल्प डेस्क मैनेजर की प्रतिनियुक्ति की गई है। यह समाहरणालय के प्रथम तल के कमरा नंबर 111 ए में है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी हेल्प डेस्क मैनेजर को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एसआइआर (2026) में आम नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए निर्देशित किया है।