धनबाद : बड़की बौआ 4 नंबर रेलवे फाटक स्थित अंडरपास पुल में जलजमाव और अंधेरे की समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस संबंध में आजसू नेता बबलू महतो ने मंडल रेल प्रबंधक को पत्र सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि अंडरपास में प्रतिदिन पानी जमा रहने से लोगों को भारी परेशानी होती है। बारिश के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। आसपास के कई गांवों के लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। इसके अलावा अंडरपास में लाइट की व्यवस्था नहीं रहने से रात के समय लोगों को डर और असुविधा का सामना करना पड़ता है। बबलू महतो ने वरीय कनीय अभियंता आशीष कुमार से भी मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर समाधान नहीं होने पर 25 मई 2026 को ग्रामीण अंडरपास पुल के समीप शांतिपूर्ण एक दिवसीय धरना देंगे।