ग्रामीण क्षेत्र में डालसा ने नुक्कड़ नाटक से फैलायी कानूनी जागरूकता
धनबाद: 90 दिवसीय आउटरीच एवं जागरूकता कार्यक्रम के तहत आज जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस बाबत जानकारी देते हुए प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण लोगों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा कानूनी सहायता संबंधी जानकारी प्रदान करना था। आर्टिस्ट एसोसिएशन के कलाकार
व पैरा लीगल वोलेंटियर एजाज अहमद, संतोष सिंह, आनंद चक्रवर्ती, शिवरानी सिन्हा द्वारा
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को साइबर अपराध, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, नशा मुक्ति, महिला अधिकार एवं निःशुल्क विधिक सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। कलाकारों ने सामाजिक समस्याओं को सरल एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को जागरूक होने का संदेश दिया।
इस अवसर पर डालसा के अधिकारियों, पारा लीगल वालंटियर्स एवं स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकार से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बताया।