अखिल भारतीय आंगनवाड़ी कर्मचारी महासंघ ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री से की भेंट

Share This News

धनबाद :शास्त्री भवन, नई दिल्ली में अखिल भारतीय आंगनवाड़ी कर्मचारी महासंघ जो कि भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध है, के 6 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से भेंट की। वार्ता के दौरान निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर चर्चा हुई और आश्वासन प्राप्त हुआ।आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मानदेय वृद्धि की मांग पर मंत्री और सचिव ने स्वीकार किया कि कई वर्षों से मानदेय नहीं बढ़ा है। उन्होंने इस संबंध में वित्त मंत्री को पत्र लिखा है और पुनः पत्र लिखने का आश्वासन दिया।सभी राज्यों की आंगनवाड़ी सेविका और सहायिकाओं को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित करने हेतु सभी राज्यों को पत्र लिखा जा चुका है और इस पर अमल हो रहा है। इसके अतिरिक्त इएसआईसी की वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार किया जाएगा। साथ ही सभी राज्यों को रिटायरमेंट की आयु 65 वर्ष करने के निर्देश जारी किए गए हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अन्य गैर-विभागीय कार्यों से मुक्त करने हेतु सभी राज्यों को पत्र जारी कर दिया गया है।आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और हेल्पर की पदोन्नति की बाध्यता को समाप्त करने हेतु यथाशीघ्र प्रयास किए जाएंगे।पोषाहार की राशि में जल्द ही बढ़ोतरी करने पर सहमति बनी। अब मानदेय और पोषाहार की राशि नए एसएनए स्पर्स सिस्टम के माध्यम से सीधे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के खाते में भेजी जाएगी। फीडबैक के आधार पर ‘पोषण ट्रैकर’ ऐप को सरल बनाया जा रहा है। सरकार सभी राज्यों को 5G मोबाइल देने के निर्देश देगी और वर्तमान में मिलने वाले ₹2000 के इंटरनेट पैक की राशि में भी वृद्धि की जाएगी।गर्मी और सर्दी की छुट्टियों के संबंध में केंद्र सरकार सभी राज्य सरकारों से वार्ता करेगी।कम मानदेय वाले राज्य: जिन केंद्र शासित प्रदेशों और राज्यों में मानदेय कम है, वहां वृद्धि करने पर गंभीरतापूर्वक विचार करने पर सहमति बनी।जिन राज्यों में केंद्र का मानदेय बकाया है, वहां के मुख्यमंत्रियों और सचिवों से वार्ता की जाएगी। मंत्री ने प्रमाण स्वरूप दिखाया कि हरियाणा को जो राशि दी गई थी, उसे पूरी तरह खर्च न कर पाने के कारण वापस कर दिया गया है।
मंत्री से भेंट पवन कुमार उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय मजदूर संघ की अगुवाई में हुई, जिसमें अंजलि पटेल स्कीम वर्कर प्रभारी, शर्मिष्ठा जोशी उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय आंगनवाड़ी कर्मचारी महासंघ,पुष्पा कुमारी महामंत्री,छोटा गहलोत उपाध्यक्ष,पुष्पा रानी थे ।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment