धनबाद में संस्कृत भारती के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख श्रीश देव पुजारी के आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उनका धनबाद महानगर में तीन दिवसीय प्रवास तय किया गया है, जिसके तहत विभिन्न स्थानों पर विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित होंगे।
कार्यक्रम के अनुसार 11 अप्रैल को सुबह 10 बजे धनसर बस्ताकोला दुर्गा मंदिर और शाम 4 बजे धैया शनि मंदिर में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। वहीं 12 अप्रैल को सुबह 10 बजे भौंरा और शाम 4 बजे बाबूडीह में भी वे सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
बताया जा रहा है कि ये सभी कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे हैं। संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर वर्ष भर में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम तय किए गए हैं, जिनमें हिंदू सम्मेलन प्रमुख रूप से शामिल है।
इससे पहले विजयादशमी उत्सव, गृह संपर्क अभियान, सामाजिक सद्भाव बैठक और प्रमुख नागरिक गोष्ठी जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा चुके हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य समाज में राष्ट्र भावना जागृत करना और लोगों को व्यक्तिगत हित से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के लिए सोचने के लिए प्रेरित करना है।
संघ द्वारा पंच परिवर्तन के तहत कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य और स्व-बोध जैसे विषयों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
13 अप्रैल को श्रीश देव पुजारी संस्कृत भारती के एक विशेष कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। आयोजकों ने सभी लोगों से इन सम्मेलनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट