Breaking News

शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर युवती ने एसएसपी से लगाई गुहार

Share This News

धनबाद। एक युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता रेशमा परवीन ने आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उसके ही मोहल्ले के युवक सद्दाम ने शादी का वादा कर उसके साथ बार-बार शोषण किया और बाद में शादी से इंकार कर दिया।

पीड़िता के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को आरोपी उसे भूली मोड़ स्थित एक होटल में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने जल्द शादी का आश्वासन दिया। लेकिन अगले दिन 5 अप्रैल को आरोपी ने उसे घर बुलाकर पांडरपाला में छोड़ दिया और गाली-गलौज करते हुए शादी से साफ इंकार कर दिया।

पीड़िता ने बताया कि जब इस मामले की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो वे आरोपी के घर गए, जहां उनके साथ कथित रूप से मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। इसके बाद पीड़िता ने भूली ओपी में लिखित शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया।

युवती ने एसएसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे न्याय दिलाया जाए। साथ ही उसने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।

Leave a comment