हजारीबाग की बेटी सुमन को न्याय दिलाने की मांग, धनबाद में मानव अधिकार संगठन का पैदल मार्च और प्रदर्शन

Share This News

धनबाद। हजारीबाग जिले के विष्णुगंज थाना क्षेत्र में रामनवमी की शाम 12 वर्षीय सुमन कुमारी के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या के विरोध में बुधवार को धनबाद में मानव अधिकार संगठन ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के सदस्यों ने बैनर-पोस्टर के साथ इनकम टैक्स ऑफिस क्षेत्र से पैदल मार्च निकाला, जो रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल तक पहुंचा। इस दौरान दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग उठाई गई।

मानव अधिकार संगठन की प्रदेश अध्यक्ष सह भाजपा नेत्री गीता सिंह ने कहा कि सुमन को न्याय दिलाने के लिए संगठन लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन राज्य सरकार अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के एक सप्ताह बाद भी न तो दोषियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा, जिसमें मशाल जुलूस और झारखंड बंद जैसे कदम उठाए जाएंगे। वहीं आगे उन्होंने ने कहा कि पूरे राज्य की महिलाएं सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग करेंगी।

सदस्यों ने यह भी बताया कि मामले में हाई कोर्ट ने संज्ञान लिया है और सरकार से जवाब तलब किया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जल्द से जल्द एसआईटी गठित कर दोषियों की गिरफ्तारी की जाए और उन्हें कड़ी सजा दी जाए।

Leave a comment