धनबाद :नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित जगजीवन नगर स्थित दिव्यांग बच्चों के विशेष स्कूल पहला कदम में दिनांक 27 मार्च शुक्रवार को रामनवमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
रामनवमी हिन्दू धर्म का एक प्रमुख त्योहार है, जिसे भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्म हुआ था। यह पर्व हमें सत्य, धर्म, कर्तव्य और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है।इस पावन अवसर पर स्कूल के बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के रूप में सुसज्जित होकर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों की भावपूर्ण अभिनय और आकर्षक वेशभूषा ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों को देखकर पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और दर्शक भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं शिक्षकों ने मिलकर भगवान श्रीराम की आरती की और प्रसाद वितरण किया गया। पूरे स्कूल परिसर में श्रद्धा, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।स्कूल की सचिव श्रीमती अनीता अग्रवाल ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित होते हैं।
इस अवसर पर स्कूल के सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल भी उपस्थित रहे।पहला कदम परिवार के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट