धनबाद। नगर निगम चुनाव परिणाम के बाद बुधवार को समाहरणालय में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह और सभी 55 वार्डों के पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वहीं चिरकुंडा नगर परिषद में भी अध्यक्ष और सभी 21 पार्षदों का शपथ ग्रहण संपन्न हुआ।
शपथ समारोह के बाद धनबाद नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के लिए मतदान कराया गया, जिसमें अरुण चौहान को भारी बहुमत मिला। उन्हें 55 में से 50 पार्षदों का समर्थन प्राप्त हुआ और वे डिप्टी मेयर चुने गए। दूसरी ओर, चिरकुंडा नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में विजय यादव को चुना गया।
नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने सभी पार्षदों और जनता का आभार जताते हुए कहा कि वे नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि जिस तरह जनता ने उन्हें बहुमत से जिताया, उसी तरह पार्षदों ने भी अरुण चौहान को समर्थन देकर उन्हें डिप्टी मेयर चुना है। उन्होंने कहा कि अब सभी मिलकर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और धनबाद के विकास के लिए कार्य करेंगे।