धनबाद में खूनी संघर्ष: बेकारबांध में युवकों के दो गुटों में जमकर चली लाठियां।

Share This News

कोयलांचल धनबाद में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए युवकों के दो गुटों के बीच सरेराह खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। धनबाद सदर थाना क्षेत्र के बेकारबांध इलाके में आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दर्जनों युवकों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूरा मामला आपसी रंजिश और कल हुई एक मारपीट का बदला लेने से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, बेकारबांध निवासी धर्मेंद्र कुमार बीते कल जियोमार्ट में काम के सिलसिले में गया था। वहां मौजूद वेंडरों ने उसका विरोध किया और बात बढ़ने पर ‘करण’ नाम के एक वेंडर ने धर्मेंद्र की बेरहमी से पिटाई कर दी थी।

कल की इसी टीस को लेकर आज जब धर्मेंद्र ने बेकारबांध के समीप करण को रोककर पुरानी मारपीट के बारे में पूछताछ की, तो दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि करण ने फोन कर अपने 20 से 25 साथियों को मौके पर बुला लिया।

जियोमार्ट में काम करने वाले ये युवक लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और धर्मेंद्र पर टूट पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सरेआम सड़क पर लाठियां बरसती रहीं और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। इस हमले में धर्मेंद्र कुमार का भाई गौतम कुमार और करण गुट का एक अन्य युवक बुरी तरह घायल हो गया है। दोनों के सिर पर गहरी चोटें आई हैं और खून से लथपथ हालत में उन्हें इलाज के लिए भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद सदर थाना की ASI सीमा किंडो दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने उग्र युवकों को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार, यह विवाद पिछले दिन हुई एक मारपीट की घटना का परिणाम है। घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। धनबाद थाना की पुलिस वर्तमान में मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना स्थल के आस-पास के साक्ष्यों को एकत्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आवेदन दिया जाएगा तो पुलिस उसके अनुसार विधि सम्मत कार्रवाई करेगी।

Leave a comment