धनबाद में चापानल के पानी में जहर का आरोप, मां-बेटी की बिगड़ी तबीयत; शिकायत के बाद भी FIR नहीं

Share This News

धनबाद जिले में चापानल के पानी में जहर मिलाने का गंभीर मामला सामने आया है। मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र के भेड़ल गांव का बताया जा रहा है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, चापानल का पानी इस्तेमाल करने के बाद मां और बेटी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे प्रियंका कुमारी मंडल जब घर के पास स्थित चापानल से पानी लेने गई, तो पानी से तेज और अजीब बदबू आ रही थी।

जैसे ही उसने उसी पानी से नहाया, कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह चक्कर खाकर गिर पड़ी, जिससे उसके सिर में चोट भी लग गई। वहीं कुछ देर बाद उसके पिता तापस मंडल ने भी उसी चापानल का पानी इस्तेमाल किया, जिसके बाद उनकी भी तबीयत खराब हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को इलाज के लिए नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए Shaheed Nirmal Mahto Medical College and Hospital रेफर कर दिया गया।

पीड़िता उर्मिला दासी का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने चापानल के पानी में जहरीला पदार्थ मिला दिया। उन्होंने इस मामले में थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है, लेकिन उनका कहना है कि अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।

इधर ग्रामीणों ने प्रशासन से पानी की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment