धनबाद: गोसाईडीह स्थित वृंदावन विहार के नवनिर्मित मंदिर प्रांगण में भगवान श्री राधा गिरधारी माधव का भव्य प्रवेश समारोह संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्ति भाव के साथ महा महोत्सव मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं कीर्तन से हुई। इसके पश्चात अभिषेक, महा आरती एवं छप्पन भोग का आयोजन किया गया। पूरे वातावरण में हरे कृष्णा महा मंत्र की ध्वनि गूंजती रही। महा आरती के उपरांत उपस्थित भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
मंदिर प्रबंधक सुंदर गोविंद प्रभु ने बताया कि आज भगवान श्री राधा गिरधारी माधव अपने नव निर्मित मंदिर प्रांगण में विराजमान हुए हैं। धनबाद के सभी श्रद्धालु भक्तों के सहयोग से इस प्रांगण का निर्माण संभव हो पाया है। अब यहां मुख्य मंदिर निर्माण कार्य भी प्रारंभ किया जा रहा है, जिससे यह स्थल आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।
प्रबंधन की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि नवनिर्मित मंदिर स्थल से धर्म प्रचार, विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सहयोग तथा साप्ताहिक फूड फॉर लाइफ कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाएंगे।
इस्कॉन प्रबंधन ने बताया कि भक्तों के सहयोग से भव्य मंदिर, सरोवर एवं शिक्षा केंद्र के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। ग्रामीण क्षेत्र एवं धनबाद नगर के श्रद्धालुजन उत्साहपूर्वक इस दिव्य मंदिर निर्माण अभियान में भाग ले रहे हैं।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट
