धनबाद: बीसीसीएल लोदना एरिया 10 के घनुआडीह ओपी क्षेत्र स्थित कुजामा आउटसोर्सिंग माइंस में छापेमारी करने पहुंची CISF की टीम पर कोयला चोरों ने अचानक पथराव कर दिया। इस हमले में एक महिला कांस्टेबल घायल हो गई। स्थिति बिगड़ते देख CISF जवानों ने आत्मरक्षा में दो राउंड हवाई फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।CISF अधिकारियों के अनुसार, माइंस से कोयला चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर टीम छापेमारी करने पहुंची थी। लेकिन कोयला चोरों ने उग्र होकर हमला कर दिया और रास्ता भी अवरुद्ध कर दिया। बगल की बस्ती से भीड़ इकट्ठी होकर CISF जवानों का घेराव करने लगी, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद उपद्रवी भाग खड़े हुए।
घटना को लेकर CISF ने घनुआडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।गौरतलब है कि हाल के दिनों में धनबाद के विभिन्न इलाकों में कोयला चोरी के मामले बढ़ गए हैं। जब भी CISF की टीम छापेमारी के लिए जाती है, उन्हें विरोध का सामना करना पड़ता है। ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे सुरक्षा बलों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो रही है।