धनबाद, 19 जनवरी 2025: धनबाद मंडल के धनबाद-कोडरमा खंड सहित मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में 18 जनवरी 2025 को बड़े पैमाने पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। धनबाद-कोडरमा खंड में मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में विशेष टिकट चेकिंग अभियान आयोजित किया गया, वहीं चंद्रपुरा, डाल्टनगंज, चोपन, बरकाकाना और सिंगरौली स्टेशनों पर भी गहन जांच की गई।
इस अभियान में कुल 1115 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले और बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करने वाले शामिल थे। इनसे ₹5,01,880 की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई।
चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य:1. बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाना।2. उचित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना।3. यातायात नियमों का पालन कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना।
अभियान के दौरान स्टेशनों और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में भी जांच की गई। सभी पकड़े गए यात्रियों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में टिकट लेकर ही यात्रा करें।रेल प्रशासन ने इस पहल को यात्री सुविधाओं में सुधार और नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।