“सभी का सपना—विकसित धनबाद अपना”: चंद्रशेखर अग्रवाल
“बिना भेदभाव पूरे शहर की सेवा ही मेरा दायित्व”
धनबाद (Dhanbad): मेयर पद के उम्मीदवार चंद्रशेखर अग्रवाल का जनसंपर्क अभियान लगातार रफ्तार पकड़ रहा है। अलग-अलग मोहल्लों में उनके रोड शो और सभाओं में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और समर्थन जता रहे हैं।
चुनावी रथ के साथ उन्होंने भूली के पथरागोड़ा, डी ब्लॉक स्थित श्री दुखहरेश्वर नाथ मंदिर, बी ब्लॉक की बुधनी हटिया, सेक्टर-1 और सेक्टर-3, सुगियाडीह की कुंज बिहार कॉलोनी, सिंदरी के वीर कुंवर सिंह चौक, गायत्री मंदिर, मनोहरटांड़ के माता शीतला मंदिर, बिरसा मुंडा बस्ती, गौशाला, अटल चौक तथा बेलगढ़िया जैसे इलाकों में लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय समस्याएं सुनीं और शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य बिना किसी भेदभाव के पूरे धनबाद की सेवा करना है। उन्होंने भूली डी ब्लॉक के मंदिर में दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की और अन्य पूजा स्थलों पर भी प्रार्थना कर नागरिकों के सुख-समृद्धि की बात कही।
सरायढेला में हाल में हुई आगजनी की घटना की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए निष्पक्ष जांच और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बेहतर व्यवस्था की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही प्रभावित परिवारों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि घर-घर कचरा उठाव की शुरुआत, आठ लेन सड़क का निर्माण, श्मशान घाटों का उन्नयन, तालाब के सौंदर्यीकरण के साथ राजेंद्र सरोवर का विकास तथा सड़क, नाली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर काम उनके प्रयासों से संभव हुआ। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे एक बार फिर उन्हें अवसर दें ताकि धनबाद को आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने नागरिकों से 23 फरवरी को मतदान कर शहर के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया और अपने चुनाव चिह्न पर समर्थन देने की अपील की, ताकि “विकसित धनबाद” का संकल्प साकार हो सके।