धनबाद: कांग्रेस पार्टी ने 3 जनवरी से 26 जनवरी 2025 तक ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य महात्मा गांधी और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों को घर-घर तक पहुंचाना और संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
मंगलवार को कांग्रेस जिला मुख्यालय हाउसिंग कॉलोनी में जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें सभी नगर एवं प्रखंड अध्यक्षों तथा पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। बैठक में अभियान की रूपरेखा तैयार की गई और प्रखंडवार कार्यक्रम का शेड्यूल जारी किया गया।
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार संविधान पर हमले कर रही है और गांधी व अंबेडकर के सिद्धांतों को धूमिल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, “हम बाबा साहब के अपमान के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे और भाजपा के फासीवादी रवैये का पुरजोर विरोध करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि अमित शाह के हालिया बयान ने बाबा साहब का अपमान किया है, जिसके लिए माफी मांगी जानी चाहिए।
बैठक में तय किया गया कि सभी प्रखंडों और नगरों में अभियान के दौरान जिला स्तर से नियुक्त पर्यवेक्षक कार्यक्रम में शामिल होंगे। धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने 16 जनवरी तक प्रखंड और नगरों में कार्यक्रम आयोजित करने का शेड्यूल जारी किया, जिसमें धनबाद, झरिया, टुंडी, बलियापुर, सिंदरी, कतरास, निरसा, और अन्य क्षेत्रों में जनसभाएं और जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह योगी, लक्ष्मण तिवारी, नवनीत नीरज, मंटू दास, कयूम खान, महेंद्र दुबे, अनिल साव, और अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का समापन अभियान को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए किया गया।