उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने आज शाम नगर निकाय चुनाव को सुचारू एवं त्रुटि रहित संपन्न कराने के लिए न्यू टाउन हॉल के पास स्थित मटेरियल कोषांग, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक स्थित रिसीविंग सेंटर व स्ट्रोंग रूम, बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया।
गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक में उन्होंने धनबाद नगर निगम के लिए ग्राउंड, फर्स्ट एवं सेकंड फ्लोर पर तैयार हो रहे काउंटिंग हॉल, स्ट्रांग रूम, रिजर्व स्ट्रांग रूम तथा चिरकुंडा नगर परिषद के लिए तैयार हो रहे काउंटिंग हॉल व स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान संपन्न होने के बाद मतदान सामग्री रिसीव करने के लिए चिह्नित स्थलों का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद उपायुक्त ने बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में तैयार हो रहे डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया। जहां सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा निर्वाची पदाधिकारियों के बैठने का स्थान, वाहनों की पार्किंग, कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट एवं बड़े अक्षरों में साइन बोर्ड लगाने, सभी कार्य 16 फरवरी तक संपन्न कर लेने तथा 17 फरवरी को सभी निर्वाची पदाधिकारी व मतदान कर्मियों को अपने-अपने स्थान का भौतिक सत्यापन कर लेने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के साथ अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्रीमती हेमा प्रसाद, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री मुकेश कुमार बाउरी, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिवाकर सी द्विवेदी के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।