Breaking News

झारखंड सरकार देने जा रही है नियुक्ति पत्र, 28 नवंबर को राजधानी में होगा कार्यक्रम…

Share This News

रांची में 28 नवंबर को होगी बड़ी नियुक्ति घोषणा, हजारों युवाओं का इंतजार खत्म

रांची में 28 नवंबर को राज्य सरकार एक बड़े रोजगार आयोजन की तैयारी कर रही है। इस दिन राजधानी के मोरहाबादी मैदान में हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में शामिल करने के लिए नियुक्ति-पत्र सौंपे जाएंगे। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह दिन बेहद अहम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहायक आचार्य पदों पर चयनित उम्मीदवारों के विशाल समूह के साथ-साथ, लोक सेवा आयोग के कई सफल अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति-पत्र सौंपेंगे। इसमें प्रशासनिक और तकनीकी सेवाओं के अनेक पद शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक इस समारोह में उप-समाहर्ता, डीएसपी, कर विभाग के अधिकारी, जेल सेवा के पदाधिकारी, शिक्षा सेवा से जुड़े अधिकारी, श्रम विभाग के अधिकारी, उत्पाद निरीक्षक, चिकित्सक और अन्य कई श्रेणियों के पदों पर चयनित उम्मीदवारों को भी राज्य सरकार की ओर से औपचारिक रूप से जोड़ा जाएगा।

इस आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। कई महीनों तक दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं में फंसी भर्ती प्रक्रियाएँ अब अपने अंतिम चरण में पहुँच गई हैं।

राज्य में रोज़गार बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम

सरकार का दावा है कि रोजगार और सरकारी रिक्तियों को भरने के मामले में यह समारोह राज्य में नए रिकॉर्ड को स्थापित करेगा। बताया जा रहा है कि इस पैमाने पर नियुक्ति-पत्र वितरण का आयोजन इससे पहले नहीं हुआ था।

पहले दो बार कार्यक्रम की संभावित तिथि तय की गई थी, लेकिन विभिन्न वजहों से वे आगे बढ़ गई थीं। अब 28 नवंबर को होने वाला यह आयोजन अंतिम रूप से तय माना जा रहा है और अभ्यर्थियों को इसके लिए आधिकारिक रूप से सूचना भेजी जा रही है।

कुसुम न्यूज़ से निशा की रिपोट

Leave a comment